छठ महापर्व के बारे में तो हम सभी जानते ही हैं। ये भारत में मनाये जाने वाले सबसे प्रमुख पर्वों और व्रतों में एक है। किन्तु इस पर्व को लेकर एक गलत धारणा है कि छठ पर्व में जिस छठी मैया की हम पूजा करते हैं वो केवल लोक कथाओं में ही हमें मिलती है। लेकिन ऐसा नहीं है। हमारे पुराणों में भी हमें उनका वर्णन मिलता है। हालाँकि वहां पर उनका वर्णन छठी मैया के रूप में नहीं बल्कि "माता देवसेना" और "माता षष्ठी" के रूप में मिलता है।
तो यदि हम संक्षेप में बात करें तो छठी मैया का वर्णन हमें मुख्यतः चार ग्रंथों में मिलता है - ब्रह्मवैवर्त पुराण, देवी भागवत पुराण, महाभारत और अग्नि पुराण। इन चारों में से महाभारत और अग्नि पुराण में हमें बहुत संक्षेप में माता देवसेना (षष्ठी) का वर्णन मिलता है किन्तु ब्रह्मवैवर्त और देवी भागवत में हमें बहुत ही विस्तार से उनका वर्णन मिलता है।
तो सबसे पहले बात करते हैं अग्नि पुराण की जिसके अध्याय १८१ में अग्निदेव स्वयं षष्ठी तिथि के महत्त्व के बारे में बताते हैं। चूँकि षष्ठी माता भगवान स्कन्द से जुडी है, इसीलिए इसमें इस व्रत को "स्कन्दषष्ठी" भी कहा गया है।
यदि महाभारत की बात करें तो इसके वन पर्व के अध्याय २२९ के स्कान्दोपाख्यान उप-पर्व के श्लोक ४४-५२ में भगवान स्कन्द और माता देवसेना के विवाह का प्रसंग है जहाँ पर माता देवसेना और षष्ठी तिथि के महत्त्व के बारे में बताया गया है।
माता षष्ठी के बारे में जो सबसे विस्तृत वर्णन हमें मिलता है वो ब्रह्मवैवर्त और देवी भागवत पुराण में मिलता है। हालाँकि दोनों ग्रंथों में अध्याय और श्लोकों की संख्या अलग-अलग है लेकिन मूल कथा दोनों ग्रंथों में बिलकुल एक सी बताई गयी है। दोनों ग्रंथों में पहले माता षष्टी के बारे में संक्षेप में बताया गया है और फिर आगे विस्तार पूर्वक उनकी कथा दी गयी है।
ब्रह्मवैवर्त पुराण के प्रकृति खंड के अध्याय १ के श्लोक ७९-८३ में और फिर प्रकृति खंड के ही अध्याय ४३ के श्लोक १-७२ में हमें माता षष्ठी/देवसेना के बारे में बताया गया है। उसी प्रकार देवी भागवत के स्कंध ९ के अध्याय १ के श्लोक ७८-८२ में और स्कंध ९ के ही अध्याय ४६ के श्लोक ३-७३ में हमें यही कथा मिलती है।
इसमें भगवान विष्णु देवर्षि नारद को बताते हैं कि आदिशक्ति की अंश देवसेना, जो मातृकाओं में से एक है, उन्हें ही षष्ठी के नाम से जाना जाता है। हर लोक में जो भी शिशु होते हैं उनका पालन और सुरक्षा यही करती है। इन्हे कार्तिकेय जी की पत्नी माना गया है। ठीक यही मान्यता छठी मैया की भी है और ऐसा माना जाता है कि छठ का व्रत रखने से संतान की प्राप्ति और सुरक्षा होती है।
बाद के खंड में माँ षष्टी की विस्तार से कथा बताई गयी है। इसके अनुसार स्वयंभू मनु के पुत्र हुए महाराज प्रियव्रत। बहुत प्रयास और महर्षि कश्यप की कृपा से इनकी पत्नी मालिनी ने एक पुत्र को जन्म दिया किन्तु वो मृत पैदा हुआ। महाराज प्रियव्रत शोक के सागर में डूब गए और जब वे उसका अंतिम संस्कार करने श्मशान पहुंचे तो वहां उनके सामने एक दिव्य विमान पर एक देवी प्रकट हुई। तब प्रियव्रत ने आश्चर्य से उनका परिचय पूछा।
इस पर उस देवी ने कहा कि "मैं ब्रह्मा की मानस पुत्री देवसेना हूँ और देवताओं के सेनापति कार्तिकेय मेरे पति हैं। आदिशक्ति के छठे अंश से उत्पन्न होने के कारण मेरा एक नाम षष्ठी भी है।" अपना परिचय देकर उन्होंने उस मृत बालक को अपनी गोद में उठा लिया जिससे वो तत्काल जी उठा। उन्होंने बालक का नाम सुव्रत रखा और उसे बहुत सारे आशीर्वाद देकर महाराज प्रियव्रत को लौटा दिया।
उस देवी की ऐसी अनुकम्पा पा कर प्रियव्रत उनके भक्त गए और हर महीने षष्टी तिथि को वो माता की पूजा करने लगे। इस प्रकार संसार की सबसे पहली छठ पूजा महाराज प्रियव्रत ने की थी। चूँकि कार्तिक मास की षष्टी तिथि को ही माता देवसेना ने उनके पुत्र को जीवनदान दिया था और उसी दिन प्रियव्रत ने भी पहली बार षष्टी पूजा की थी, इसीलिए हर वर्ष कार्तिक मास की षष्टी तिथि को छठ पूजा मानाने की प्रथा आरम्भ हुई।
तो इस प्रकार आप देख सकते हैं कि ना केवल छठ पूजा अत्यंत ही प्राचीन है बल्कि इसका प्रामाणिक वर्णन भी हमें कई ग्रथों में मिलता है। साथ ही साथ माता षष्टी (देवसेना) अष्ट मातृकाओं में से भी एक हैं और वहां इन्हे माता कौमारी के नाम से जाना जाता है। यही षष्टी पूजा समय के साथ-साथ अपभ्रंश होकर "छठ पूजा" के नाम से प्रसिद्ध हो गयी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें